Burhanpur- मध्यप्रदेश में नगरपालिकाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा के बाद यह स्थिति बनी है। उन्होंने बुरहानपुर जिले की नगर परिषद शाहपुर को नगरपालिका बनाने का ऐलान किया है। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने यह घोषणा की। कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने शाहपुर को श्रीरामचन्द्र गमन पथ में शामिल करने की मांग की। उन्होंने बुरहानपुर का नाम बदलकर ब्रह्मपुर करने का भी आग्रह किया। इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव का रोड शो हुआ। लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया।
शनिवार को बुरहानपुर जिले को 696.37 करोड़ रुपए के 80 विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने बुरहानपुर में नर्मदेश्वर अखंड शिवलिंग की पूजा-अर्चना भी की।
कई अहम घोषणाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर के लिए अनेक घोषणा कीं। उन्होंने यहां मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। सीएम मोहन यादव ने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भंडारण और प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने, बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराने की घोषणा की। यहां वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाने, खामनी से दही हांडी तक खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुरहानपुर में युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। राज्य सरकार बुरहानपुर सहकारी सूत मिल श्रमिकों के बकाया भुगतान कराएगी और यहां नए उद्योग-धंधे भी स्थापित करेगी।
नगर परिषद शाहपुर बनेगी नगर पालिका
बुरहानपुर जिले की नगर परिषद शाहपुर को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे नगर पालिका का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान की नगर परिषद शाहपुर को परीक्षण के बाद नगर पालिका बनाया जाएगा। सीएम की इस घोषणा के साथ ही प्रदेश में नगर पालिका की संख्या वृद्धि तय हो गई है।
प्रदेश की पूर्व मंत्री बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि रामायण काल में भगवान श्रीराम का बुरहानपुर आने का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि इस आधार पर शाहपुर को श्रीरामचन्द्र गमन पथ में शामिल किया जाए। विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि बुरहानपुर प्राचीन काल का ब्रह्मपुर है, इसलिए शहर का नाम दोबारा ब्रह्मपुर किया जाए।
रोड शो में हुई पुष्पवर्षा
जीजा माता चौराहे से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रोड-शो हुआ। इसमें हजारों नागरिकों ने बड़ा उत्साह दिखाया और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी लोगों पर फूलों की बौछार कर अभिवादन किया। भव्य-रोड शो नेहरू स्टेडियम तक चला।


