नुनहेरा में जलभराव की समस्या का होगा समाधान:ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद SDM ने देखे हालात, रास्तों में गंदगी देखकर जताई नाराजगी

नुनहेरा में जलभराव की समस्या का होगा समाधान:ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद SDM ने देखे हालात, रास्तों में गंदगी देखकर जताई नाराजगी

धौलपुर जिले में सैंपऊ क्षेत्र की ग्राम पंचायत नुनहेरा में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। इस समस्या को दैनिक भास्कर ऐप पर 20 जनवरी को प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद प्रशासन को मौके पर आकर स्थिति संभालनी पड़ी। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए उपखंड अधिकारी (SDM, पटवारी और गिरदावर के साथ नुनहेरा पहुंचे। उन्होंने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। विद्यालय के सामने और मुख्य रास्तों में भरे गंदे पानी को देखकर SDM ने नाराजगी व्यक्त की और राजस्व टीम से मौके पर ही जमीन की नाप-तौल करवाई। सचिव, पटवारी को 4 दिन का समय दिया
निरीक्षण के दौरान SDM ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रास्ते में हो रहे अतिक्रमण को हटाकर 40 फीट चौड़े रास्ते को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाए। इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत सचिव और पटवारी को 4 दिन का समय दिया गया है।
इसके अलावा विद्यालय के सामने बने गहरे और खतरनाक गड्ढे में लगातार पानी भरा रहने की समस्या पर SDM ने तत्काल तारबंदी (फेंसिंग) कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। अपने दौरे के दौरान SDM ने स्थानीय राजकीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की और कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। हालांकि, प्रशासन ने रास्ता साफ करने और सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी कर दिए हैं, लेकिन जलभराव की स्थायी निकासी व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में अब भी संशय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पानी के निकलने का स्थायी रास्ता नहीं बनाया जाता, तब तक यह समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं होगी। ग्रामीण नेता करन परमार ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में समस्या का पूर्ण समाधान और स्थायी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो ग्रामीणों को एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *