पंजाब के तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह का रहने का अनुमान है। दिवाली के आसपास वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है, लेकिन उसका असर पंजाब में देखने को नहीं मिलेगा और ना ही तापमान में कोई बदलाव होगा। इस मौसम की उथल-पुथल के बीच अब लोगों की सांसें घुटने लगी हैं। पंजाब के अधिकतर शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 100 के पार पहुंच गया है। यानी कि अधिकतर शहरों में यलो अलर्ट जारी कर दिया गया हे। इसके पीछे का कारण थर्मल इन्वर्जन माना जा रहा है। पंजाब में मात्र अमृतसर शहर है, जहां का AQI 100 से कम है। जबकि अन्य शहरों का AQI 100 के पार हो चुका है। जानें शहरों का AQI- अक्टूबर में पंजाब में तापमान गिरने के साथ ही रातें ठंडी और दिन हल्के गर्म होने लगते हैं। इस समय वायुमंडल में थर्मल इन्वर्जन नाम की एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक घटना होती है, जो प्रदूषण को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाती है। जानें थर्मल इन्वर्जन क्या है सामान्य स्थिति में, वायु का तापमान ऊंचाई के साथ घटता है। यानी, ऊपर की हवा ठंडी होती है और नीचे की गर्म हवा ऊपर उठकर वायुमंडल में प्रदूषण के कणों को फैला देती है। इससे हवा स्वाभाविक रूप से साफ होती रहती है। लेकिन थर्मल इन्वर्जन के समय यह स्थिति उलट जाती है। तापमान का यह सामान्य ग्रेडिएंट “इन्वर्ट” हो जाता है। जिसमें सतह के पास की हवा ठंडी हो जाती है और ऊपर की परत अपेक्षाकृत गर्म रहती है। यह गर्म हवा ऊपरी परत में एक ढक्कन की तरह काम करती है। जब ठंडी हवा उसके नीचे फंस जाती है, तो वह ऊपर नहीं उठ पाती। परिणामस्वरूप, जो भी धुआं, धूल, या गैसें सतह से निकलती हैं- चाहे वह पराली जलाने का धुआं हो या वाहनों का उत्सर्जन या फैक्ट्रियों से निकलने वाली गैसें- वे इसी ठंडी परत में फंसे रहते हैं और फैल नहीं पाते। इससे वायुमंडल का निचला हिस्सा प्रदूषकों से भर जाता है और धुंध और धुएं के मिलने से “स्मॉग” बनता है। जानें राज्य के शहरों में आज का मौसम अमृतसर- मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। तापमान 19 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जालंधर- मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। तापमान 19 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। लुधियाना- मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। तापमान 20 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पटियाला- मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। तापमान 20 से 33 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मोहाली- मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। तापमान 22 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।


