वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायलय में एक बार फिर मंगलवार को बम धमाके की धमकी दी गयी। कोर्ट को मेल भेजकर उड़ाने की धमकी दी गई। आकाश क्षत्रियान नामक व्यक्ति द्वारा मेल किया गया था। जिसमें लिखा था ठीक 1 बजे कचहरी में 15 बम ब्लास्ट होंगे। इसमें तमिलनाडू के पाठ्यक्रम में पैगंबर मोहम्मद साहब का पाठ न डालने की बात लिखी गई थी। मेल आते ही फौरन ही इसकी सूचना डीएम और पुलिस कमिश्नर को दी गयी। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स कैंपस के अंदर पहुंची और तलाशी शुरू की। हालांकि तलाशी में कुछ भी नहीं मिला। 10 दिन में तीसरी बार मिली धमकी सूचना मिलते है भारी पुलिस फोर्स एक बार फिर कचहरी परिसर में दाखिल हुई और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वाएड ने चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली और सभी अधिवक्ताओं को अलर्ट रहने के लिए अपील की गयी। बता दें की दस दिनों में यह तीसरा मौका था जब कचहरी को बम ब्लास्ट कर उड़ाने की धमकी मेल पर दी गई। कचहरी के अंदर और बाहर हुई चेकिंग एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया – कोर्ट की मेल आईडी पर मेल आया था। जिसमें वाराणसी कचहरी को दोपहर 1 बजे 15 बम धमाकों से दहलाने की बात लिखी गयी थी। इसकी सूचना पर दो थानों की फोर्स कचहरी सुरक्षा और पीएसी के साथ कचहरी में दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। इसके अलावा कैंपस के बाहर के इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अधिवक्ताओं से की गई अपील एसीपी ने बताया – इस दौरान एक बार फिर सभी वकीलों और वादकारियों से अपील की गई की यदि कोई भी संदिग्ध चीज मिलती है तो तुरंत पुलिस को बताएं। ताकि खतरे से फौरन निपटा जा सके। वहीं लगातार तीन बार मेल आने की बात पर उन्होंने कहा कि इंटिलिजेंस की टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही हम मेल करने वालों को ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। फिलहाल कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दर्ज हुई FIR थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्रा ने बताया – मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जनपद न्यायालय वाराणसी श्रीशचंद्र दूबे की तहरीर पर बीएनएस की धारा 351(3) और 66 आईटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मेल आईडी akash.kshatriyanhotmail.com से किया गया था। साइबर एक्सपर्ट इस मेल आईडी से आरोपी का पता लगा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


