रेवाड़ी में सरसों के खेत में एक बुजुर्ग का शव (नरकंकाल) मिलने से सनसनी फैल गई। शव को जानवरों ने बुरी तरह से नौचा हुआ था। कपड़ों से शव की पहचान गांव मुकन्दपुर बसई निवासी 55 वर्षीय राजसिंह के रूप में हुई। राजसिंह 24 फरवरी को शाम घर से खेत के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन बाइक खेतों के पास पड़ी मिली थी। कसौला थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। मंगलवार शाम पड़ोसी के खेत में सरसों की कटाई करते समय शव पड़ा मिला। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। नरकंकाल में हुआ तब्दील जानवरों के नौचने और लंबा समय बीतने से राजसिंह का शरीर पूरी तरह से नरकंकाल में तब्दील हो चुका था। जब पड़ोसी के खेत में नरकंकाल मिलने की सूचना मिली तो राजसिंह के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शरीर पर मिले कपड़ों से परिजनों ने उसकी पहचान की। बेटे ने दर्ज करवाई थी रिपोर्ट गांव मुकन्दपुर बसई निवासी नरवीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि उसके पिता 55 वर्षीय राजसिंह 24 फरवरी की शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर खेतों के लिए निकला था। देर शाम तक जब घर नहीं आया तो उसकी तलाश की गई। जान-पहचान और रिश्तेदारों के यहां भी उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन खेतों के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। जांच अधिकारी ने कहा कि परिजनों ने किसी पर कोई आशंका नहीं जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


