T20 वर्ल्डकप की टीम में 1 भी बल्लेबाज नहीं, जिसका औसत-स्ट्राइक रेट जायसवाल से बेहतर हो, हैरान कर देंगे आंकड़े

T20 वर्ल्डकप की टीम में 1 भी बल्लेबाज नहीं, जिसका औसत-स्ट्राइक रेट जायसवाल से बेहतर हो, हैरान कर देंगे आंकड़े

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। टीम में 6 खिलाड़ियों को स्पेशल बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है, जिनमें अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह शामिल हैं। इसके अलावा टीम की अगुवाई सूर्यकुमार यादव करेंगे। वर्ल्डकप के लिए टीम चुनते समय चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लिया और खराब फॉर्म से गुजर रहे शुभमन गिल को बाहर का रास्ता दिखा दिया। उनकी जगह ईशान किशन की टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाया था। हालांकि, इस दौरान चयनकर्ताओं से एक और बड़ी चूक हो गई।

रिंकू-तिलक का औसत बेहतर, लेकिन स्ट्राइक रेट कम

ईशान किशन की तरह एक और बल्लेबाज है, जिसने घरेलू क्रिकेट से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक शानदार प्रदर्शन किया है। यह खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल हैं, जिन्हें टीम में जगह नहीं मिली। आपको बता दें कि स्ट्राइक रेट और औसत के मामले में यशस्वी जायसवाल टीम के सभी बल्लेबाजों से आगे हैं। यशस्वी जायसवाल का टी20 इंटरनेशनल में औसत 36.15 और स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का है। वहीं अभिषेक शर्मा का औसत करीब 35, सूर्यकुमार यादव का लगभग 35, संजू सैमसन का औसत 25 और ईशान किशन का औसत भी 25 के आसपास है। रिंकू सिंह का औसत 42 और तिलक वर्मा का औसत करीब 49 का है। हालांकि दोनों का स्ट्राइक रेट जायसवाल से कम हैं।

टीम में ऐसे कोई बल्लेबाज नहीं, जो दोनों मामलों में यशस्वी जायसवाल के आगे हो। रिंकू सिंह का औसत अगर 42.31 है, तो उनका स्ट्राइक रेट 161 के आसपास है। वहीं तिलक वर्मा का औसत लगभग 50 है, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 143 का है।

आपको बता दें कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। पहला मुकाबला कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। इसी दिन दोपहर में वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की टीमें कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भिड़ेंगी। 7 फरवरी को ही शाम को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम का मुकाबला यूएसए से होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं और हर ग्रुप से दो टीमें सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर-8 में भी दो ग्रुप बनाए जाएंगे, जहां से हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

टूर्नामेंट का फॉर्मेट 2024 की तरह ही होगा। खिताबी मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद या कोलंबो में खेला जाएगा। अब तक सिर्फ टीम इंडिया ने ही टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए अपने स्क्वॉड का ऐलान किया है।

टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान) और वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और हर्षित राणा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *