मोहाली के बलौंगी, खरड़ सदर और खरड़ सिटी क्षेत्रों में बढ़ती चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देशों पर डीएसपी खरड़ करण सिंह संधू की अगुवाई में की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को ग्रीन इंक्लेव, सेक्टर-118 निवासी राम सिंह ने अपनी बुलेट 350 मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुई बुलेट सहित अन्य वाहन बरामद किए। 13 मार्च को भी हुई थी शिकायत इससे पहले 13 मार्च को थाना सिटी खरड़ में अमरदीप सिंह द्वारा मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दी गई थी, जिसमें पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके अलावा 26 मार्च को हरी इन्क्लेव निवासी विनोद कुमार के घर से इनवर्टर बैटरी चोरी के मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बैटरी और एक स्कूटी बरामद की। आरोपियों से पूछताछ जारी 28 मार्च को स्नैचिंग की वारदातों में शामिल गुरतेज सिंह और उसके साथी को भी काबू किया गया। अभियान के दौरान कमलदीप सिंह उर्फ काका और सिकंदर सिंह उर्फ गुरी को भी गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर नितिन धवन को नामजद कर एक एक्टिवा बरामद की गई। आरोपियों का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने पर एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने कुल 18 मोटरसाइकिलें, 3 एक्टिवा, 2 साइकिल, एक इनवर्टर बैटरी, एक पर्स, 4 गैस सिलेंडर, एक तेजधार कापा और एक नकली पिस्तौल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इससे क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के भी खुलासे की उम्मीद है।


