शराब ठेके की चोरी का 8 घंटे में खुलासा:बांदा में सेल्समैन सहित 3 गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

शराब ठेके की चोरी का 8 घंटे में खुलासा:बांदा में सेल्समैन सहित 3 गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

बांदा पुलिस ने देशी शराब ठेके में हुई चोरी का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है। हैरानी की बात यह रही कि इस वारदात का मुख्य आरोपी उसी ठेके का सेल्समैन निकला। घटना 17 मार्च की रात थाना कालिंजर क्षेत्र के कटरा कालिंजर स्थित देशी शराब ठेके की है। ठेके के अनुज्ञापी साजिद पुत्र सुबराती ने 18 मार्च को थाने में नामजद तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्ण कान्त त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कटरा कालिंजर स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के 3 लाख 58 हजार 600 रुपये, बिक्री की स्कैनर मशीन और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आशीष कुमार उर्फ पप्पू उसी शराब ठेके का सेल्समैन था। उसने अपने साथियों संतोष उर्फ संतु और अरविन्द उर्फ आनन्द के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष कुमार उर्फ पप्पू पुत्र दादूराम निवासी बसराही, संतोष उर्फ संतु पुत्र शम्भू निवासी तरहटी और अरविन्द उर्फ आनन्द पुत्र शंकरलाल निवासी तरहटी, सभी थाना कालिंजर क्षेत्र, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *