अमरोहा पुलिस ने सैदनंगली थाना क्षेत्र में एक किन्नर के घर हुई लाखों की चोरी का पांच दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है। क्षेत्राधिकारी (CO) पंकज कुमार त्यागी ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सैदनंगली के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी किन्नर नन्हीं के घर 20 मार्च को चोरी की वारदात हुई थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संभल निवासी उस्मान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उस्मान की जान-पहचान नन्हीं की शिष्या गुड़िया से थी, जिसके कारण उसका घर में आना-जाना था। आरोपी की जल्द ही शादी होने वाली थी और उसे रुपयों की सख्त जरूरत थी। उस्मान ने नन्हीं को अलमारी में जेवर रखते हुए देख लिया था। मौका पाकर उसने ‘ग्राइंडर’ से सेफ का लॉक काटकर आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उस्मान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की झुमकी, अंगूठी, कंठी, सोने की जंजीर, पेंडल, कंगन और चांदी की भारी पाजेब बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


