शादी समारोहों में मेहमान बनकर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। ताजा मामला आरएनटी मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. लाखन पोसवाल के बेटे की शादी से जुड़ा है। यहां मेहंदी समारोह के दौरान उनकी पत्नी के सोने के दो कंगन चोरी हो गए। पहले भी शादियों में कई चोरियां हुई हैं। खास बात यह है कि चोर बड़ी होटलों में घुसकर भी चोरी कर भाग जाते हैं। पुलिस के अनुसार अजमेर मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. लाखन पोसवाल ने हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 3 से 5 फरवरी तक बेटे की शादी के कार्यक्रम थे। 3 फरवरी को होटल लक्ष्मी विलास के ओको लॉन में मेहंदी का आयोजन था। मेहंदी के लिए ब्यूटीशियन पूजा अरोड़ा ने दीक्षा से संपर्क कराया। मेहंदी लगाने आई युवती ने पहले अपना नाम गीता उर्फ भावना और बाद में दीक्षा बताया। उसके साथ दो अन्य युवतियां भी थीं। मेहंदी लगाने से पहले उनकी पत्नी ने 15-15 ग्राम के दो सोने के कंगन उतारकर कुर्सी के पास रख दिए। मेहंदी पूरी होते ही तीनों युवतियां चली गईं। इसके बाद कंगन गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में मेहंदी से पहले कंगन दिखाई दिए, बाद में नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भास्कर अलर्ट!- पहले भी हो चुकी वारदातें 14 फरवरी 2025 : तीतरड़ी निवासी नाथूलाल कलाल सेक्टर-9 में रिश्तेदार की शादी में गए थे। वहां उनकी पत्नी के बैग से 7.5 तोले का नौलखा हार, एक-एक तोले की दो चूड़ियां और 4.5 तोले का मंगलसूत्र चोरी हो गया। 21 जनवरी 2024: भुवाणा निवासी महेंद्र बोकड़िया की बेटी की शादी ओकेजन गार्डन में थी। वहां से 3 लाख रु., चांदी की गाय व पायल चोरी हो गई। 4 फरवरी 2024: होटल रेडिसन ब्लू में मुंबई निवासी मनीषा अग्रवाल का डायमंड सेट, हार, अन्य जेवर व 80 हजार रु. चोरी हुए। नाई क्षेत्र के होटल गोविंद पैलेस से भी जेवर चोरी गए। 24 अक्टूबर 2024: देवी पैलेस में गांधीनगर निवासी सैयद मकसूद की भतीजी की शादी में सोने-प्लेटिनम अंगूठी, जेवर, मोबाइल आदि चोरी हुआ। 2 दिसंबर 2024: प्रतापनगर के उत्तरी सुंदरवास निवासी हस्तीमल बोहरा की बेटी की शादी विलास वाटिका में थी। मोबाइल व जेवर से भरा बैग चोरी हुआ।


