फतेहाबाद जिले के रतिया शहर में एक बीज भंडार की दुकान से कैश चोरी का मामला सामने आया है। एक युवक ने मात्र 30 सेकंड में दुकान के गल्ले से कैश चुराकर फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार और उनके सहायक फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। यह घटना शहर के पुराना बस स्टैंड के पास राम गंगा स्वीट्स के सामने स्थित अजय बीज भंडार पर हुई। दुकान के मालिक अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे वे पड़ोस के दुकानदार को बताकर पास के शौचालय गए थे। कुछ मिनट बाद जब वे लौटे तो गल्ले से लगभग साढ़े 5 हजार रुपए गायब मिले। 30 सेकंड में वारदात को अंजाम दिया अजय कुमार ने जब दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे, तो उसमें एक युवक जींस और शर्ट पहने हुए दिखाई दिया। उसने सिर पर कैप लगा रखी थी और अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। फुटेज में दिख रहा है कि युवक दुकान के अंदर आता है और कुछ ही सेकंड में गल्ले से साढ़े 5 हजार रुपए निकालकर फरार हो जाता है। यह सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें आरोपी को मात्र 30 सेकंड में वारदात को अंजाम देते देखा जा सकता है। अजय कुमार ने आशंका जताई है कि इस चोरी को किसी जानकार व्यक्ति ने ही अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक पुलिस को सूचना नहीं दी गई है और वे अपने स्तर पर मामले की पड़ताल कर रहे हैं।


