कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक पांच मंजिला इमारत की छत से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय निखिलेश मेघवाल उर्फ नरेश कुमार के रूप में हुई है, जो कंसुआ अफॉर्डेबल योजना क्षेत्र का निवासी था। नरेश कुमार देर रात अपने एक दोस्त के साथ शराब पार्टी कर रहा था। दोनों कंसुआ स्थित अफॉर्डेबल मल्टी स्टोरी बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान नरेश कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन और साथी उसे गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव को मोर्चरी में रखवाया गया। उद्योग नगर थाने के एएसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अपने फ्लैट से खाना एवं रजाई-गद्दे लेने नीचे गया था। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह ऊपर से नीचे गिर गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल में जुटी हुई हैं।


