ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में फोर्टिस अस्पताल के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर गाड़ी से करीब एक लाख रुपये से अधिक की नकदी, बैंक पासबुक और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुराकर फरार हो गए। सिग्मा-3 सेक्टर निवासी रिंकू नागर ने बताया कि उनकी मां पिछले चार दिनों से फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। रविवार शाम करीब 4 बजे वह अपनी मां को देखने अस्पताल गए थे। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी अस्पताल के गेट के पास खड़ी की थी। रात्रि करीब 8:30 बजे जब रिंकू नागर वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था और उसमें रखा काफी सामान गायब था। चोरी हुए सामान में जरूरी कागजात, बैंक की पासबुक, कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज और एक लाख रुपये से ज्यादा की नकदी शामिल थी। पीड़ित ने इस संबंध में फोर्टिस अस्पताल से संपर्क किया और उनके सिक्योरिटी हेड से बात की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी। रिंकू नागर ने इस मामले में बीटा-2 पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


