दुनिया को आज पहले से ज्यादा महात्मा गांधी की शिक्षा की जरूरत: जर्मन चांसलर

दुनिया को आज पहले से ज्यादा महात्मा गांधी की शिक्षा की जरूरत: जर्मन चांसलर

Ahmedabad. जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह साबरमती आश्रम का दौरा किया। दोनों ने यहां पहुंचकर सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे प्रार्थना स्थल के पास मौजूद छात्राओं से मिले। वहां से दोनों नेता हृदय कुंज पहुंचे ,जहां पर उन्होंने महात्मा गांधी के तैल चित्र पर सूत की माला अर्पित की। इसके बाद हृदय कुंज में चरखा पर सूत की कताई को निहार। जिस जगह पर महात्मा गांधी बैठकर देश-विदेश के नेताओं और अपने साथियों के साथ चर्चा करते थे, उस स्थल को भी देखा।

इसके बाद चांसलर मर्ज ने साबरमती आश्रम की आगंतुक पुस्तिका (विजिटर्स बुक) में अपने इस आश्रम दौरे के अनुभवों को जर्मन शब्दों में बयां किया। उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता की शक्ति और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा में महात्मा गांधी का अडिग विश्वास आज भी हमें प्रेरित करता है। यह मानवीय विरासत भारत और जर्मनी के लोगों को मित्रता के सूत्र में बांधती है, ऐसे समय में जब दुनिया को पहले से कहीं अधिक गांधीजी की शिक्षा की आवश्यकता हो सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आश्रम से जुड़ी जानकारी दी

मोदी ने उन्हें साबरमती आश्रम से जुड़ी हर वस्तु के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्य सचिव एम के दास, साबरमती आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष कार्तिकेय साराभाई, साबरमती आश्रम री-डवलपमेंट कमेटी के अध्यक्ष आई पी गौतम, कलक्टर सुजीत कुमार, जर्मन डेलिगेशन के कुछ प्रतिनिधि ,आश्रम के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *