आस्था और ऋतु के बीच जुबानी जंग थमी:दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस कर रही जांच, संभ्रांत लोग समझौता कराने में जुटे

आस्था और ऋतु के बीच जुबानी जंग थमी:दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस कर रही जांच, संभ्रांत लोग समझौता कराने में जुटे

मैं ठाकुर हूं और मैं ब्राह्मण हूं कहकर दो महिलाओं के बीच चल रही जंग अब धीरे धीरे समाप्त होने लगी है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर जरुर सौंप दी गई है लेकिन फिलहाल किसी भी पक्ष का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर आठ दिन चली जंग के बाद अब आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी के तेवर ढीले पड़ गए हैं। दोनों जुबानी जंग से दूर हट रही हैं। दोनों महिलाओं के बीच चल रहे झगड़े में बैंक अधिकारियों पर लगे आरोपों के बाद मामला थोड़ा गंभीर हो गया। अब बैंक अधिकारी दोनों पक्षों को समझाने और खुद को बचाने की जुगत में लगे हैं। मामले में समझौता कराने के लिए कई संभ्रांत लोग जुटे हैं। क्षत्रिय संगठनों ने पहनाई थी पगड़ी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चाएं बटोरने वाली आस्था सिंह भदौरिया भी बच रही हैं। अब वह कैमरे पर कुछ भी नहीं बोल रही हैं। कुछ क्षत्रिय संगठनों ने उनको घर जाकर पटका व पगड़ी पहनाई थी। हालांकि वह भी अब मुद्दे को खत्म ही करना चाहती हैं। दूसरी ओर ‘ब्राह्मण हूं तो इसमें गलत क्या है’ के बयान देने वाली ऋतु त्रिपाठी भी अब कुछ बोलने से बच रही हैं। सूत्र बताते हैं कि वह भी इस मामले को खत्म करना चाहती हैं। बैंक से मांगे सीसीटीवी फुटेज हालांकि, दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। मामला महिलाओं से जुड़ा होने के चलते जांच मिशन शक्ति केंद्र को सौंपी गई है। पुलिस ने बैंक से घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज मांगी है। सोमवार को एक बार फिर पुलिस बैंक जा सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला साफ होगा कि घटना वाले दिन दोनों पक्षों में क्या विवाद हुआ था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *