नवेडी में गूंजेगा भागीदारी न्याय का शंखनाद:प्रदेश अध्यक्ष बोले- रोहिणी आयोग की सिफारिशों को लागू कराएंगे

नवेडी में गूंजेगा भागीदारी न्याय का शंखनाद:प्रदेश अध्यक्ष बोले- रोहिणी आयोग की सिफारिशों को लागू कराएंगे

घाटमपुर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राष्ट्र उदय पार्टी द्वारा रविवार 22 फरवरी को नवेडी में भागीदारी न्याय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्र उदय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राम आसरे पाल ने शुक्रवार दोपहर प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सम्मेलन में सर्व समाज के लोगों की भारी भीड़ जुटेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू राम पाल शिरकत करेंगे और संबोधित करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामानंद पाल करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भीड़ जुटाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई हैं तथा गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जननायक कर्पूरी ठाकुर के आरक्षण फार्मूले को लागू कराना और सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट के साथ-साथ जी रोहिणी आयोग की सिफारिशों को लागू कराना है, ताकि पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत राजनीतिक शक्ति बनाने का आह्वान भी किया। प्रेस वार्ता के दौरान रामानंद पाल, इन्द्र पाल, वंश लाल पाल तथा अनूप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *