रायसेन के ग्राम नकतरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास बुधवार रात टायर बदलते समय जैक फिसलने से भूसे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में गैरतगंज तहसील का 26 वर्षीय चालक अनिल यादव करीब 4 घंटे तक ट्रॉली के नीचे दबा रहा। रात करीब 9 बजे वहां से गुजर रहे कृषि विज्ञान केंद्र के छात्रों ने युवक की आवाज सुनकर पुलिस और जेसीबी को बुलाया। छात्रों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बाहर निकालकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे का शिकार हुआ 26 वर्षीय ट्रैक्टर चालक अनिल यादव गैरतगंज तहसील का रहने वाला है। बुधवार को ग्राम नकतरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पास वह अपनी भूसे से भरी ट्रॉली का टायर बदल रहा था। अनिल जैक लगाकर टायर निकाल ही रहा था, तभी अचानक जैक फिसल गया। इससे भारी-भरकम ट्रॉली पलट गई और वह उसके नीचे दब गया। 4 घंटे बाद वहां से गुजरे छात्रों ने सुनी आवाज हादसे के बाद अनिल खुद को बाहर नहीं निकाल पाया और करीब चार घंटे तक ट्रॉली के नीचे दबा रहा। बुधवार रात करीब 9 बजे कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे कुछ छात्र घटनास्थल के पास से गुजर रहे थे। तभी इन छात्रों को ट्रॉली के नीचे से अनिल की आवाज सुनाई दी और वे तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस, एंबुलेंस और JCB को दी सूचना मदद के लिए पहुंचे इन छात्रों में सौरभ पठया, आकाश धाकड़, ललित गौर, दीपेंद्र सिंह और सुंदरम गौर शामिल थे। छात्रों ने बिना समय गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस, 108 एंबुलेंस और एक जेसीबी संचालक को घटना की सूचना दी। इस दौरान जब तक मदद नहीं पहुंची, छात्रों ने ट्रॉली के नीचे दबे युवक से बात कर उसका हौसला बनाए रखा। JCB से ट्रॉली सीधी कर बाहर निकाला, अस्पताल भेजा सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रॉली को सीधा किया गया। इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के छात्रों और स्थानीय लोगों ने मिलकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। लंबे समय तक दबे रहने के कारण अनिल यादव को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।


