अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण के गधेड़ी इलाके में युवराज टाइगर ST-21 की पर्यटकों को शानदार और रोमांचक साइटिंग हुई। सोमवार दूसरी पारी की शाम जंगल सफारी के दौरान युवराज अचानक जंगल से निकलकर जिप्सी के ठीक सामने आ गया, जिससे जिप्सी को अचानक रोकना पड़ा। टाइगर को इतनी नजदीक देखकर पर्यटक एक पल के लिए घबरा गए, लेकिन बाद में इस रोमांचक नजारे का जमकर आनंद लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 400 पर्यटक मौजूद थे, जिनमें अधिकांश पर्यटक दिल्ली और गुरुग्राम से आए हुए थे। युवराज टाइगर कुछ देर तक जिप्सी के आगे-आगे ट्रैक पर चलता रहा, जिससे पर्यटकों को बेहद करीब से बाघ को देखने का अवसर मिला। इस दुर्लभ और शानदार नजारे को पर्यटकों ने अपने मोबाइल कैमरों में वीडियो के रूप में रिकॉर्ड भी किया। जंगल से निकलकर जिप्सी के सामने आया युवराज दरअसल, जैसे ही पर्यटकों की जिप्सी गधेड़ी इलाके के ट्रैक पर पहुंची, अचानक युवराज टाइगर जंगल से निकलकर सामने आ गया। किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला। टाइगर की अचानक मौजूदगी से पहले तो पर्यटक सहम गए, लेकिन कुछ ही पलों में डर रोमांच में बदल गया और सभी ने इस यादगार साइटिंग का भरपूर आनंद लिया। सरिस्का में पर्यटकों की बढ़ी भीड़ सरिस्का के रेंजर हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि इन दिनों सरिस्का बाघ अभ्यारण में पर्यटकों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। रोजाना सुबह और शाम की सफारी में करीब 500 से 700 पर्यटक जंगल सफारी का आनंद ले रहे हैं। इनमें देसी और विदेशी दोनों तरह के पर्यटक शामिल हैं, जिससे सरिस्का में रौनक और पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है।


