जैसलमेर में एक सरकारी इंजीनियर के क्वार्टर में रविवार की अलसुबह चोर घुस गया। सामान समेटकर ले जाते समय महंगी शराब की बोतल मिली तो घर में ही बैठकर शराब पी। लेकिन चखना नहीं मिलने से नाराज हो गया। चोर ने जाने से पहले मकान मालिक के लिए कागज पर एक नोट छोड़ा और दीवार पर लिपस्टिक से मैसेज लिखकर फरार हो गया। चोर ने लिखा- ऐसे घर में दारू (शराब) रखोगे तो साथ में आलू की चिप्स जरूर रखना। ढूंढते रह जाओगे, लेकिन बिहारी बाबू न कभी मिला, न कभी मिलेगा। देख, मैं तो कोई भी दस्तावेज नहीं ले जा रहा हूं। वर्ना तू एक काम करेगा, क्या? अगर पुलिस में तुमने शिकायत की तो समझ लेना, तू मेरा बहुत बड़ा दुश्मन होगा। नहीं तो मैं तुम्हें भूल जाऊंगा, तू मुझे भूल जाना। लिपस्टिक से दीवार पर लिखा- सॉरी थाने के चक्कर काटने से वक्त बर्बाद होगा। थानाधिकारी बोले- लेपटॉप और परफ्यूम भी ले गया
जैसलमेर कोतवाली थाना SHO सुरजाराम ने बताया- इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी में शनिवार की देर रात को असिस्टेंट इंजीनियर (AEN) सोहन जांगिड़ के सरकारी आवास पर चोर घुस गया था। पड़ोसियों ने देखा तो ताले टूटे हुए थे। इंजीनियर सोहन जांगिड़ ने बताया कि मैं बाहर गया हुआ था, इसका फायदा उठाकर चोर ने ताला तोड़ा। लेपटॉप, एक टीवी, शर्ट-जींस, ब्लेजर और परफ्यूम ले गया। उसने दीवार पर लिपस्टिक से कई मैसेज लिखे हैं। दीवार पर लिखकर गया ‘धन्यवाद – बिहारी बाबू’
इंजीनियर ने बताया कि चोर ने दीवारों पर कई मैसेज लिखे है। इनमें एक मैसेज में लिखा है ‘आपकी सुंदर पेन से लिख रहा हूं, मैंने तुम्हारा अन्न खाया है, आनंद आया। मजबूरी ने पहली बार ऐसा काम करवाया है। जिंदा रहा तो एहसान नहीं भूलूंगा। धन्यवाद – बिहारी बाबू।’ थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। चोर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


