कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में बीती देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई, जहां ट्रक यूनियन के पास स्थित एक ज्वेलरी शॉप को चोरों ने निशाना बनाया। रात करीब ढाई बजे दो चोर बाइक पर सवार होकर ज्वेलरी दुकान पर पहुंचे और गैस कटर की मदद से दुकान का शटर काट दिया। इसके बाद उन्होंने दुकान के अंदर लगे कांच के गेट का लॉक तोड़कर प्रवेश किया। दुकान के अंदर सोने और चांदी के आभूषणों से भरी अलमारी रखी हुई थी। चोरों ने पहले अलमारी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं टूटी तो दोनों चोर पूरी अलमारी को उठाकर बाइक पर रखकर फरार हो गए। दुकान के गल्ले में रखे 13 हजार रुपए और 600 से 700 ग्राम पुरानी चांदी भी चोरी कर ली। वारदात के दौरान चोरों ने दुकान के अंदर मौजूद मकान मालिक को बाहर निकलने से रोकने के लिए उनके घर के मुख्य गेट पर ताला और दूसरे गेट की कुंडी भी लगा दी, ताकि किसी तरह की आवाज सुनकर वह बाहर न आ सकें। दुकान मालिक भरत शाक्यवाल ने बताया कि उनकी दुकान ट्रक यूनियन के पास स्थित है। रात में हुई इस घटना की भनक तब लगी जब चोर अलमारी लेकर कुछ ही दूरी पर पहुंचे और बाइक से गिर गए। गिरने की आवाज सुनकर वहां मौजूद मकान मालिक की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिससे चोर मौके से भाग खड़े हुए। शोर सुनकर गली-मोहल्ले के लोग भी जाग गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को वहां एक जूता, कंबल और गैस कटर की टंकी पड़ी मिली, जिसे चोर भागते समय छोड़ गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों चोर साफ नजर आ रहे हैं। गनीमत यह रही कि अलमारी के अंदर रखी करीब 6 से 7 किलो चांदी और 30 से 35 ग्राम सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए, हालांकि दुकान के काउंटर में रखी नकदी और पुरानी चांदी गायब पाई गई। पुलिस ने दुकानदार से शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू की।


