सागर के मकरोनिया में दिनदहाड़े चोर ने सूने मकान में सेंध लगाई। चोर गेट फांदकर घर में घुसा। ताला तोड़कर अलमारी में रखे नकद रुपए और गहने चुरा लिए। वारदात के दौरान परिवार की महिला घर पहुंच गईं। तभी चोर धक्का मारकर मौके से भाग निकला। मामले में महिला ने थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया है। शिकायत पर पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की है। सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध नजर आया है। जानकारी के अनुसार, गुड्डीबाई उपाध्याय, उम्र 50 साल, निवासी दीनदयाल नगर मकरोनिया, सुबह करीब 11 बजे खाना बनाने के लिए गई थीं। उनके घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान मकान सूना होने का फायदा उठाकर चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गया। घर में रखी अलमारी और पेटी से नकद व गहने निकाल लिए। इसी दौरान गुड्डीबाई घर पहुंच गईं। वे अंदर पहुंचीं तो चोर दिखा। उन्होंने चिल्लाना शुरू किया। तभी चोर धक्का मारकर भाग गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। किस्त भरने के लिए रखे पैसे ले गया चोर गुड्डीबाई ने बताया कि घर में किस्त भरने के लिए साढ़े 6 हजार रुपए और अलमारी में साढ़े 4 हजार रुपए रखे थे, जो चोर लेकर गया है। इसके अलावा पायल, टॉप्स, चूड़ियां, अंगूठी समेत अन्य सामान भी ले गया है। वारदात के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक युवक नजर आया है, जो गेट फांदकर घर में घुसते हुए दिख रहा है। मामले में मकरोनिया थाने पहुंचकर शिकायत की गई है। शिकायत पर मकरोनिया पुलिस ने मामला जांच में लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।


