Jharkhand के गुमला में तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Jharkhand के गुमला में तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

झारखंड में शीत लहर को लेकर 13 जिलों में जारी अलर्ट के बीच, बृहस्पतिवार को गुमला जिले में न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 0.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक ठंड को लेकर येलो अलर्ट (सतर्क रहें) जारी किया गया है।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार को गुमला 0.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके बाद खूंटी में 2.7 डिग्री और डाल्टनगंज में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आईएमडी (भारत मौसम विज्ञान विभाग) के अनुसार, बोकारो और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 4.9 और 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोहरदगा में पारा 6.0 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा।

बुलेटिन में बताया गया कि राज्य की राजधानी रांची में नौ डिग्री सेल्सियस और सरायकेला में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर में उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद, तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

इस बीच, रांची प्रशासन ने एक परामर्श जारी कर लोगों से ठंड से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने एक बयान में कहा, ऐसी स्थिति में ठंड के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से खुद को बचाना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *