टीचर ने छात्र की गला रेतकर की हत्या:स्कूल के पास मिलने के लिए बुलाया था, चाकू से किया वार

टीचर ने छात्र की गला रेतकर की हत्या:स्कूल के पास मिलने के लिए बुलाया था, चाकू से किया वार

कानपुर देहात में एक निजी शिक्षक द्वारा 11वीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मामला मंगलपुर थाना क्षेत्र के झींझक कस्बे की है। छात्र की पहचान सौरभ पाल (17) पुत्र सुभाष पाल, निवासी वार्ड नंबर-14 अंबेडकर नगर, झींझक के रूप में हुई है। सौरभ अपनी बहन रुचि पाल के साथ किराए के मकान में रहकर 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। सौरभ की गर्दन पर चाकू से हमला परिजनों के अनुसार, धुन्नू सिंह किड्स इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाने वाले काकोरी (लखनऊ) निवासी निजी शिक्षक अनूप सिंह ने सौरभ को स्कूल के पास पीपल के पेड़ के नीचे बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे शिक्षक ने अचानक सौरभ की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद लहूलुहान सौरभ जान बचाने के लिए करियाझाला पेट्रोल पंप की ओर भागा। वहां मौजूद लोगों ने घटना की सूचना उसकी बहन को दी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल सीएचसी झींझक लेकर पहुंचे। सीएचसी में तैनात डॉ. धीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सौरभ की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सौरभ वर्मा, मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार दुबे और झींझक पुलिस अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। सीओ सौरभ वर्मा ने बताया कि आरोपी शिक्षक अनूप सिंह घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *