‘उन्मेष 2026’ में दिखी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा:काशी हिंदू विश्वविद्यालय में रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन, मेहंदी- रंगोली व फोटोग्राफी की झलक

‘उन्मेष 2026’ में दिखी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा:काशी हिंदू विश्वविद्यालय में रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन, मेहंदी- रंगोली व फोटोग्राफी की झलक

आज काशी हिंदू विश्वविद्यालय की नगर छात्र निकाय द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उन्मेष 2026’ के तहत फोटोग्राफी, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से आए 130 से अधिक छात्र-छात्राओं ने इसमें प्रतिभाग किया। मुख्य संरक्षक प्रोफेसर ललित मोहन अग्रवाल (नगर छात्र निकाय) की मौजूदगी में इसका शुभारंभ हुआ। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रकृति के विविध रूपों और आकर्षक दृश्यों को अपने कैमरे में कैद करते हुए अपनी रचनात्मक दृष्टि का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक सदस्य के रूप में कृष्णा सिंह (सहायक आचार्य, दृश्य कला संकाय) तथा मनीष खत्री (छायाकार, वाराणसी) उपस्थित रहे। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक एवं आधुनिक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मकता का प्रदर्शन किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता का विषय ‘चैत्र नवरात्रि’ रखा गया, जिसमें प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को सुंदर रूप में अभिव्यक्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में प्रो. सरोज रानी (महिला महाविद्यालय) एवं प्रो. रॉयना सिंह (चिकित्सा विज्ञान संस्थान) रहीं। रंगोली प्रतियोगिता के निर्णायक सदस्य प्रो. अनुपम कुमार नेमा (सचिव, खेल एवं कीड़ा परिषद, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) तथा डॉ. मिथुन कुमार दत्ता (मूर्तिकला विभाग, दृश्य कला संकाय) रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, ‘उन्मेष 2026’, द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति विशेष रूप से सराहनीय रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *