ग्रेटर नोएडा: स्कूल बाथरूम में छात्रा एक घंटे बंद रही:स्कूल ने आरोप नकारे, परिजन ने जिलाधिकारी से शिकायत की

ग्रेटर नोएडा: स्कूल बाथरूम में छात्रा एक घंटे बंद रही:स्कूल ने आरोप नकारे, परिजन ने जिलाधिकारी से शिकायत की

ग्रेटर नोएडा के एक स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा करीब एक घंटे तक बाथरूम में बंद रही। घटना 19 फरवरी की दोपहर की है। रयान इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा इंटरवल के समय वॉशरूम गई थी। तभी किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। बोड़ाकी गांव निवासी अशोक भाटी ने बताया कि उनकी बेटी शानवी (12) बाथरूम में चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुना। करीब एक घंटे बाद एक महिला सफाई कर्मचारी ने उसकी आवाज सुनकर दरवाजा खोला। दरवाजा खुलने के बाद वह काफी घबराई हुई थी। वह अब भी सदमे में है। अशोक ने कहा कि उन्होंने घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन से बात की, लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह नकार दिया। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि कोई भी बाथरूम में बंद नहीं हुआ था। इसके बाद परिजन ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। परिजन ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका तर्क है कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों से यह स्पष्ट हो जाएगा कि दरवाजा किसने बंद किया था। परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा स्कूल की जिम्मेदारी है। इस मामले पर स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *