औरैया में सांप की केंचुली बिस्तर पर छोड़कर भागने वाली लड़की अचानक गुरुवार रात फफूंद थाने में पहुंच गई। उसने बताया- केंचुली रखकर नागिन बनने का ड्रामा उसके घर वालों ने किया है। वह तो अपने प्रेमी के साथ गई थी। कानपुर के कल्याणपुर आर्यसमाज में उससे शादी कर ली। उसके साथ सांप रहता था, जिसकी केंचुली उसने घर पर ही रख दी थी। उसी को बिस्तर पर रखकर परिजनों ने मेरे नागिन बनने की अफवाह फैलाई और ड्रामा किया। मामला फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर का है। पहले जानिए पूरा मामला… सींगनपुर गांव के रहने वाले राकेश वाल्मीकि की 5 बेटियां और 2 बेटे हैं। 4 बेटियों की शादी हो चुकी है। राकेश की छोटी बेटी रीना (21 साल) ने गांव के ही एक स्कूल से 8वीं तक पढ़ाई की है। उसका गांव के युवक श्याम जी शर्मा से अफेयर है। परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे। लेकिन वह अपने प्रेमी से ही शादी करना चाहती थी। युवती ने घर से भागने के लिए फिल्मी अंदाज में योजना बनाई। 10 फरवरी की रात उसने अपने कपड़ों में सांप की केंचुली लपेटकर बिस्तर पर रख दिया और घर से चली गई। अगले दिन सुबह जब परिजनों ने केंचुली देखी तो गांव में ‘नागिन’ बनने जैसी अफवाह फैल गई। युवती के पास मोबाइल फोन नहीं था। वह अपनी मां के कीपैड मोबाइल से बातचीत करती थी। पुलिस ने उस नंबर को सर्विलांस पर लगाया, जिसमें एक युवक का नंबर ट्रेस हुआ। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद से युवक के घरवालों के मोबाइल नंबर बंद हैं। घर पर भी ताला लगा है। तीन माह पहले गई थी शेषनाग मंदिर परिजनों के अनुसार, करीब 3 माह पहले युवती मैनपुरी के कुम्हेल स्थित शेषनाग मंदिर गई थी, जहां से वह शेषनाग की मूर्ति लेकर आई थी। इसके बाद वह अक्सर सपने में सांप दिखने और रात में सांप के पास लेटने जैसी बातें किया करती थी। घटना के बाद से घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगने लगी थी। इंस्टाग्राम पर शादी का वीडियो वायरल गुरुवार दोपहर करीब दो बजे रीना ने अपने प्रेमी श्याम जी शर्मा की इंस्टाग्राम आईडी “जय महाकाल” से वीडियो पोस्ट किए। पहला वीडियो 11 सेकेंड और दूसरा 34 सेकेंड का है। पहले वीडियो में रीना के साथ उसका प्रेमी भी है। वह कह रही है कि मैंने शादी कर ली है, यह मेरे पति हैं, अगर इनके घर वालों को कुछ दिक्कत हुई तो मेरे घर वालों का नाम लगेगा। दूसरे वीडियो में वह कह रही मैंने अपनी मर्जी से शादी कर ली है। मेरा मन था, इससे ही शादी करूं। मैंने खुद इससे बोला कि आज हम लोग शादी करेंगे। मैंने खुद जबरदस्ती की शादी के लिए। यह उसके फोटो हैं। आप देख सकते हो। मैंने खुद अपनी मर्जी से की है शादी। इसमें किसी का हाथ नहीं है। प्लीज कोई टॉर्चर न करे, मैं बस यही चाहती हूं।गर गुरुवार रात को अचानक लड़की फफूंद थाने पहुंच गई। रीना ने बताया- वह अपनी मर्जी से गई थी। उसने बिस्तर पर केंचुल रखकर भागने का कोई ड्रामा नहीं किया। यह सब उसके घर वालों ने किया है। वह तो ऐसे ही रात में प्रेमी के साथ चली गई थी। उसके सपने में सांप आता था और एक सांप उसके साथ लेटता था। यह बात उसने घर वालों को बताई थी। बताया- एक सांप की केंचुली थी, जिसे उसने घर पर रख दिया था। उसी केंचुली को बिस्तर पर रखकर घर वालों ने ड्रामा कर दिया है। उसने बताया उसका 4 साल से अफेयर चल रहा था। घर वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। एक बार सांप ने उसे काट लिया था, लेकिन उसे कुछ नहीं हुआ। जबकि नेवला और बिच्छू ने मुझे काटा तो वह मर गए। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया- लड़की ने प्रार्थनापत्र दिया है। उसने बताया कि आर्यसमाज मंदिर में शादी कर ली है। लड़की कोर्ट में पेश कर बयान कराए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।


