राजेंद्र नगर के पास बन रहे रेती मंडी रेलवे ओवर ब्रिज की एबी रोड तरफ की भुजाएं जहां रेलवे पटरी के ऊपर की भुजा से मिल रही हैं, वह जंक्शन कितना सुरक्षित है, ये जांचने के लिए लोक निर्माण विभाग इसका सर्वे मैनिट भोपाल से करवा रहा है। टीम ने प्रारंभिक रिपोर्ट दे दी है और अब फाइनल सुझाव दिए जा रहे हैं। दिए गए सुझावों के अनुसार ब्रिज के जॉइंट में बदलाव किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के ब्रिज सेल की एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गुरनीत कौर भाटिया ने बताया कि मैनिट की टीम के अनुसार बदलाव कर रहे हैं। अगले सप्ताह स्लैब कास्ट करेंगे, जिससे जंक्शन मजबूत हो। इसके बाद अप्रैल के दूसरे सप्ताह के बाद हम ब्रिज पर ट्रैफिक शुरू करने की स्थिति में होंगे। तब तक इस जंक्शन की स्लैब भी पक्की हो जाएगी और तरी भी पूरी हो जाएगी। एबी रोड की भुजाओं पर ट्रैफिक शुरू करने के बाद नीचे एबी रोड के ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने में भी मदद होगी। साथ ही नीचे कांक्रीट की सर्विस रोड बनाने का काम भी शुरू किया जा सकेगा। ढाई साल से चल रहा काम फ्लायओवर का काम ढाई साल से चल रहा है। रेलवे पटरी के ऊपर बनने वाले स्पान का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। कुल 3 हिस्सों में रेलवे पटरी के ऊपर गर्डर लॉन्च करके रोड बनानी है। इसमें से एक हिस्से पर गर्डर रख दी गई है। बाकी दो छोटे हिस्सों पर अभी काम होना शेष है। ये काम पूरा होने में अभी 3 महीने का समय लग सकता है। रेलवे पटरी के पार रेती मंडी और कैट रोड तरफ उतरने वाली भुजा का काम भी जारी है। सड़क पर कांक्रीट का काम किया जाएगा और उसके बाद दोनों तरफ क्रैश बैरियर का काम भी पूरा किया जाएगा।


