रोहतक जिले के लाहली गांव स्थित एक डेरे से लाखों रुपए का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सुनारिया कलां निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने लाहली गांव में 12 किले जमीन खरीदी हुई है। इस खेत में एक डेरा बना हुआ है, जहां उसका नौकर रामबिलास रहता था। रामबिलास होली के मौके पर अपने गांव गया हुआ था। नरेंद्र के अनुसार, 13 मार्च की सुबह जब उसका नौकर और बेटा खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने डेरे के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो इन्वर्टर, बैटरी, सिलेंडर, स्प्रे मशीन, इंजन का पंखा और अन्य कीमती सामान गायब मिला। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दर्ज किया मामला सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नरेंद्र की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


