The management of traffic नरसिंहपुर. शहर की सडक़ों पर इन दिनों यातायात व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। प्रमुख चौराहों और तिराहों पर दिनभर दबाव रहता है, लेकिन शाम होते ही हालात बेकाबू हो जाते हैं। बाजार क्षेत्र में सडक़ों के दोनों ओर खड़े वाहनों से न केवल चौराहे-तिराहे बल्कि रास्ते संकीर्ण हो जाते है, जिससे शहर की रफ्तार थमने लगती है। आने-जाने में लोगों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।
शहर के व्यस्त इलाकों में दुकानों के सामने स्थाई और अस्थाई पार्किंग का कब्जा लगातार बढ़ रहा है। लग्जरी कारों से लेकर बाइक और मालवाहक वाहन तक बिना किसी नियंत्रण के सडक़ पर खड़े नजर आते हैं। कई जगहों पर तो वाहन इस तरह खड़े कर दिए जाते हैं कि दोपहिया तक निकालना मुश्किल हो जाता है।
शाम के पीक आवर में हालात सबसे खराब
शाम 5 बजे के बाद शहर की सडक़ों पर भीड़ बढ़ती है। इसी समय दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ती है। निर्धारित पार्किंग स्थलों की बजाए लोग वाहन सडक़ पर ही खड़ा कर देते हैं, जिससे चौराहों पर जाम लगना आम बात हो गई है।
पैदल चलना भी जोखिम भरा
फुटपाथों पर अतिक्रमण और सडक़ों पर खड़े वाहनों के कारण पैदल चलने वालों को सडक़ के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौराहों पर नियमित निगरानी की जरूरत है, लेकिन कई स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण नजर नहीं आता। इसी का फायदा उठाकर लोग मनमर्जी से वाहन खड़े कर देते हैं। शहर में बढ़ती इस अव्यवस्था ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रोजाना जाम और जोखिम के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने प्रशासन को सख्ती दिखाने की जरूरत है।
यह है समस्या की जड़
सडक़ों पर बेतरतीब पार्किंग
बेतरतीब ढंग से लगी दुकानें
पार्किंग स्थल की अनदेखी
फुटपाथों पर अतिक्रमण
ट्रैफिक व्यवस्था में ढील
यह होता है नुकसान
चौराहों पर रोज जाम
एंबुलेंस व आपात सेवाएं प्रभावित
पैदल यात्रियों की सुरक्षा खतरे में
बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था
ऐसे दूर होगी समस्या
बाजार क्षेत्र में पार्किंग जोन तय हों
नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन
ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
वर्जन
अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लघंन पर निरंतर कार्रवाई हो रही है। शहर में भी अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे। लोगों को समझाइश भी देंगे ताकि वह निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें।
ममता तिवारी, यातायात थाना प्रभारी नरसिंहपुर
चौराहों पर मनमानी पार्किंग का राज, शाम ढलते ही जोखिम, लग्जरी कारों से लेकर बाइक, मालवाहक तक नजर आते हैं खड़े


