चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) को वकीलों और डॉक्टरों की तरह कानूनी सुरक्षा देने की मांग अब राज्यसभा तक पहुंच गई है। राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तंखा ने सदन में “सीए प्रोटेक्शन एक्ट” लाने का प्रस्ताव रखा और सीए समुदाय को कानूनी सुरक्षा देने की जरूरत पर जोर दिया। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) रायपुर शाखा के पूर्व अध्यक्ष रवि ग्वालानी ने कहा कि यह उनके लंबे समय से चल रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उन्होंने सबसे पहले इस मुद्दे को संगठित रूप में उठाया और विभिन्न मंचों, सम्मेलनों और बैठकों में लगातार इस पर ध्यान दिलाया। रायपुर में सीए प्रोटेक्शन एक्ट की मांग उठाई वर्ष 2023 में रायपुर शाखा के अध्यक्ष रहते हुए आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में भी ग्वालानी ने इस प्रस्ताव को जोर-शोर से रखा और कहा कि बढ़ते दायित्व और जिम्मेदारियों को देखते हुए सीए को कानूनी सुरक्षा की जरूरत है। ग्वालानी ने दिल्ली प्रवास के दौरान विवेक कृष्ण तंखा से कई बार मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की। इसके बाद 12 फरवरी 2026 को तंखा ने राज्यसभा में इसे पेश किया, जिसे सदन ने गंभीरता से सुना। इसके पहले अंतरराष्ट्रीय मंच “World Forum of Accountants” में भी विवेक कृष्ण तंखा ने सीए को कानूनी सुरक्षा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में ग्वालानी ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। राज्यसभा में सीए प्रोटेक्शन एक्ट पेश राज्यसभा में प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने इस पहल का स्वागत किया। इसे पेशेवर समुदाय में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में सीए समुदाय को कानूनी सुरक्षा प्रदान करेगा। विवेक कृष्ण तंखा दूसरी बार राज्यसभा सदस्य हैं, और वे मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के एडवोकेट जनरल और सुप्रीम कोर्ट में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल रह चुके हैं। रवि ग्वालानी ने देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बधाई देते हुए कहा कि उम्मीद है कि निकट भविष्य में “सीए प्रोटेक्शन एक्ट” बनेगा और इससे सीए समुदाय सुरक्षित और मजबूत माहौल में काम कर सकेगा।


