फर्रुखाबाद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा फतेहगढ़ के विकास भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और चांदपुर स्थित बौद्ध विहार पर संपन्न हुई। सोमवार देर शाम भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने नीला झंडा दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा भी मौजूद रहे। यात्रा विकास भवन से मिलिट्री चौराहा, छोटी जेल और सेंट्रल जेल चौराहे से होते हुए इटावा-बरेली हाईवे पर पहुंची, फिर भोलेपुर पुल पार कर फर्रुखाबाद शहर में प्रवेश किया। देखिए 3 तस्वीरें… शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा ई-रिक्शा और बाइक पर सवार होकर चल रहे थे। डीजे की धुन पर थिरकते हुए युवा हाथों में नीले झंडे लहरा रहे थे। हर वाहन पर नीला झंडा लगा हुआ था। भाजपा सांसद भी काफी दूर तक पैदल नीले झंडे के साथ चले। यात्रा में सबसे आगे डॉ. भीमराव अंबेडकर की झांकी थी, जिसमें वे संविधान की पुस्तक लिए बैठे थे। इसके पीछे भगवान गौतम बुद्ध, वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी, संत गाड़गे, रमाबाई अंबेडकर, ज्योतिराव फुले, सावित्री फुले और छत्रपति शाहूजी महाराज की झांकियां भी शामिल थीं। फर्रुखाबाद में यह यात्रा आवास विकास, लाल गेट चौक चौराहा, लोहाई रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। अंत में यह चांदपुर स्थित बौद्ध विहार पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभु दयाल और महामंत्री वीरेंद्र सिंह कठेरिया सहित अन्य पदाधिकारी इसमें शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर कोतवाली, फतेहगढ़ कोतवाली, मऊ दरवाजा और कादरी गेट थाना पुलिस बल तैनात था। यातायात पुलिस की गाड़ी आगे चल रही थी और सीओ सिटी भी मौके पर मौजूद थे। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कई स्थानों पर लोगों ने जलपान की व्यवस्था भी की थी, जबकि कुछ जगहों पर आतिशबाजी भी चलाई गई।


