Who is Aryaman Birla: चार भारतीय और वैश्विक कारोबारी संस्थाओं वाले एक कंसोर्टियम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 1.78 अरब डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में खरीदा है। क्रिकेट के इतिहास में फ्रेंचाइजी का यह सबसे बड़ी डील मानी जा रही है। आईपीएल और डब्ल्यूपीएल दोनों में आरसीबी की मालिक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) ने मंगलवार को इस सौदे की पुष्टि की। खरीदने वाले समूह में आदित्य बिड़ला समूह, ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी शाखा BXPE, डेविड ब्लिट्जर के नेतृत्व वाला बोल्ट वेंचर्स और मीडिया समूह टीओआई शामिल हैं।
आर्यमन बिड़ला कौन हैं?
सबसे अहम बात ये कि आरसीबी के नए चेयरमैन आर्यमन बिड़ला खुद क्रिकेटर रह चुके हैं। आर्यमन अरबपति उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं। कारोबार की दुनिया में आने से पहले वह एक पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर करियर बनाने की कोशिश कर चुके हैं। 17 साल की उम्र में आर्यमन मुंबई छोड़कर मध्य प्रदेश क्रिकेट में मौके तलाशने चले गए थे। इससे पहले उन्हें इंग्लैंड में वेस्ट हैम्पस्टेड क्रिकेट क्लब और लंदन स्कूल्स क्रिकेट एसोसिएशन के साथ खेलने का अनुभव मिल चुका था, जहां उन्हें पूर्व मिडलसेक्स क्रिकेटर पॉल वीक्स से कोचिंग मिली थी।
सीके नायडू ट्रॉफी 2016 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
आर्यमन को घरेलू क्रिकेट में बड़ी पहचान 2017 में मिली, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अपना डेब्यू किया। इससे एक साल पहले उन्होंने सीके नायडू ट्रॉफी में अपने खेल से सबको प्रभावित किया था। उन्होंने 75.25 की औसत से कुल 602 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इन रनों में 9 पारियों में बनाए गए तीन शतक भी शामिल थे।
रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर के साथ शेयर कर चुके हैं ड्रेसिंग रूम
आर्यमन 9 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं, जिनमें से आठ रणजी ट्रॉफी में खेले थे। उन्होंने ईडन गार्डन्स में बंगाल के खिलाफ शतक भी बनाया, जो उनका पहला शतक था। उस शतक की बदौलत मध्य प्रदेश मैच ड्रॉ कराने में सफल रहा था। अपने इस कार्यकाल के दौरान वह आरसीबी के मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं। वेंकटेश अय्यर को फ्रेंचाइजी ने हाल ही में अपनी टीम में शामिल किया है।
दो सीजन राजस्थान रॉयल्स में रहे आर्यमन
2018 में राजस्थान रॉयल्स ने आर्यमन को अपनी टीम में चुना था, लेकिन दो सीजन के दौरान उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। दिसंबर 2019 में 22 साल की उम्र में आर्यमन ने क्रिकेट से अनिश्चित काल के लिए ब्रेक लेने की घोषणा की, जिसका कारण उन्होंने इस खेल से जुड़ी गंभीर एंग्जायटी बताया।
बिजनेस के बाद फिर क्रिकेट में वापसी
क्रिकेट से ब्रेक लेने के बाद आर्यमन कॉर्पोरेट जगत में चले गए और और धीरे-धीरे आदित्य बिड़ला ग्रुप के भीतर लीडरशिप की भूमिकाएं निभाने लगे। उनके पास हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए (ऑनर्स), बेज़ बिजनेस स्कूल से ग्लोबल फाइनेंस में मास्टर डिग्री और मुंबई यूनिवर्सिटी से कॉमर्स की डिग्री है।
वह वर्तमान में आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड में कार्यरत हैं और ग्रुप की प्रमुख कंपनियों, जिनमें ग्रासिम इंडस्ट्रीज और आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल शामिल हैं, इनमें वह डायरेक्टर की भूमिकाएं निभाते हैं। प्रोफेशनल क्रिकेट से दूर होने के सात साल बाद आर्यमन एक लीडरशिप की भूमिका में इस खेल में वापसी कर रहे हैं।


