9 साल में बदली यूपी की तस्वीर:लखनऊ में सुरेश खन्ना बोले- डबल इंजन सरकार ने बदली सोच और व्यवस्था

9 साल में बदली यूपी की तस्वीर:लखनऊ में सुरेश खन्ना बोले- डबल इंजन सरकार ने बदली सोच और व्यवस्था

प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रेस वार्ता में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार के 9 साल पूरे होने पर उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 2017 से लेकर अब तक “डबल इंजन” सरकार ने प्रदेश की छवि, कार्य संस्कृति और आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव किया है।

कृषि विकास दर 8% से बढ़कर 18% पहुंची
सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार बनने के समय कृषि क्षेत्र की विकास दर 8% थी, जो अब बढ़कर 18% हो गई है। खेती योग्य भूमि का उपयोग भी 76% से बढ़कर 86% तक पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने सत्ता में आते ही अपने संकल्प पत्र के तहत 86 लाख से अधिक सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया, जिससे किसानों पर आर्थिक दबाव कम हुआ और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली।

देश के खाद्यान्न उत्पादन में यूपी का 21% योगदान
मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश अब देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में करीब 21% का योगदान दे रहा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करीब 99 हजार करोड़ रुपये किसानों को विभिन्न किस्तों में दिए गए हैं, जबकि फसल बीमा योजना के जरिए हजारों करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को मिला है।

गन्ना क्षेत्र और एथेनॉल उत्पादन में बड़ा इजाफा
गन्ना क्षेत्रफल 2016-17 के 20.54 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2025-26 में 28.61 लाख हेक्टेयर हो गया है। गन्ने का एमएसपी 400 रुपये प्रति कुंतल तक पहुंच चुका है।
वहीं एथेनॉल उत्पादन 42 करोड़ लीटर से बढ़कर 187 करोड़ लीटर से अधिक हो गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।

महिला सशक्तिकरण योजनाओं से करोड़ों को लाभ
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 26.81 लाख बेटियां लाभान्वित हुई हैं। मातृ वंदना योजना से 60 लाख से अधिक माताओं को सहायता मिली है।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत करोड़ों महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है।

कानून-व्यवस्था में सुधार, अपराधों में आई कमी
सुरेश खन्ना ने दावा किया कि 2016 के मुकाबले प्रदेश में डकैती, लूट और हत्या जैसे अपराधों में कमी आई है।
सभी जिलों में साइबर क्राइम थानों का विस्तार किया गया है और यूपी-112 की रिस्पॉन्स टाइम औसतन 6 मिनट 41 सेकंड तक कम हुई है, जिससे आपात स्थितियों में तेजी से मदद मिल रही है।

रोजगार और पारदर्शी भर्ती पर सरकार का जोर
उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए करीब 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।
अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मुफ्त कोचिंग दी जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट पर फोकस
मंत्री ने बताया कि 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनने से प्रयागराज से मेरठ की दूरी करीब 5 घंटे में तय हो सकेगी।
इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स से प्रदेश की कनेक्टिविटी और निवेश क्षमता में और वृद्धि होगी।

12 लाख करोड़ निवेश जमीन पर, स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत
सरकार के प्रयासों से करीब 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतरा है, जिसमें से 4 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स शुरू हो चुके हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है, जिसमें 45 सरकारी और 36 निजी कॉलेज शामिल हैं। एमबीबीएस सीटों में भी दोगुने से अधिक वृद्धि हुई है।

विकास, सुशासन और जनकल्याण का रहा 9 साल का कार्यकाल
सुरेश खन्ना ने कहा कि पिछले 9 वर्षों का कार्यकाल विकास, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित रहा है।
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में और अधिक निवेश आएगा और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *