माघ मेला 2026 का फेक वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार:पुलिस और साधु-संतों की छवि धूमिल करने का आरोप

माघ मेला 2026 का फेक वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार:पुलिस और साधु-संतों की छवि धूमिल करने का आरोप

प्रयागराज पुलिस ने माघ मेला-2026 से संबंधित AI-जनरेटेड भ्रामक वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना कमिश्नरेट प्रयागराज की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दया शंकर पाण्डेय के रूप में हुई है, जो प्रतापगढ़ जिले के मान्धाता थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर लिलौली का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फेसबुक प्रोफाइल के माध्यम से तथ्यहीन और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर पुलिस तथा साधु-संतों की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर माघ मेला से जुड़ी गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो और कंटेंट से समाज में डर, आक्रोश और वैमनस्य फैलाने की कोशिश सामने आई। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। दया शंकर पाण्डेय को 23 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसका उपयोग फर्जी कंटेंट बनाने और साझा करने में किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि माघ मेला-2026 से संबंधित कोई भी अपुष्ट, पुराना या भ्रामक वीडियो/सूचना सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर गलत कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर सेल और साइबर थाना लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। माघ मेला से जुड़ी किसी भी अफवाह, फर्जी वीडियो या साइबर अपराध पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की भी सलाह दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *