महाशिवरात्रि पर पुजारी की हत्या करने वाला पकड़ाया, आरोपी की मीट शॉप सील, सीधी में तनाव

महाशिवरात्रि पर पुजारी की हत्या करने वाला पकड़ाया, आरोपी की मीट शॉप सील, सीधी में तनाव

Sidhi News : मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कुसमी इलाके में रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा करके लौट रहे हनुमान मंदिर के पुजारी की हत्या बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि, 75 वर्षीय पुजारी इंद्रभान द्विवेदी की हत्या उस वक्त की गई है, जब वो मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव के हालात हैं। आक्रोशित भीड़ की मांग पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की मुर्गा-मीट शॉप के साथ साथ घर को सील कर दिया गया है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि, सोमवार सुबह हत्या की सनसनीखेज वारदात उस समय घटी, जब करीब 9 बजे रोज की तरह पूजा-अर्चना कर पुजारी इंद्रभान द्विवेदी अपने घर लौट रहे थे। वहीं, हत्या के आरोप में पकड़े गए आरोपी का नाम कामता प्रसाद उर्फ लाला केवट बताया जा रहा है। आरोपी सड़क पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और पुजारी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसपर पुजारी सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आरोपी भी यहीं तक नहीं रुके। जमीन पर पड़े पुजारी के सीने पर एकके बाद एक कई वार किए, जिससे पुजारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जांच में होगा खुलासा

मृतक के भतीजे धीरेस कुमार द्विवेदी ने बताया कि, उनके चाचा बेहद शांत स्वभाव के थे और किसी से कोई दुश्मनी नहीं रखते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि, आरोपी ने अचानक हमला किया। वहीं, अधिवक्ता राजेंद्र तिवारी ने दावा किया कि, आरोपी समाज विशेष के प्रति बैर रखता था। हालांकि हत्या की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश, सड़क पर प्रदर्शन

Sidhi News
महाशिवरात्रि पर पुजारी की हत्या करने वाला पकड़ाया (Photo Source- Patrika)

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ उसका घर तोड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कुछ ग्रामीणों ने अनशन भी शुरू कर दिया था, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

प्रशासन ने घर व दुकान किया सील

Sidhi News
आरोपी कामता प्रसाद उर्फ लाला केवट का मकान सील करता प्रशासन (Photo Source- Patrika Input)

आंदोलनकारियों की मांग पर स्थानीय प्रशासन ने आरोपी कामता प्रसाद केवट की कुसमी तहसील मार्ग स्थित मीट-मुर्गा की दुकान के साथ-साथ घर को भी सील कर दिया है। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन और अनशन समाप्त कर दिया। घटना के बाद पूरे कुसमी क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस छावनी में तब्दील रहा कुसमी

हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद कुसमी में लोगों का बढ़ता आक्रोश एवं आंदोलन प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। यहां कुसमी थाना के अलावा मड़वास, मझौली, पुलिस चौकी पोड़ी सहित भुईमाड़ थाना की पुलिस तैनात रही।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

मामले की जांच में जुटे कुसमी थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी का कहना है कि, आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया है, और पूछताछ की जा रही है। अभी हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *