विधायक खंडेलवाल ने रखी त्रिवेणी व बीगोद में पुल सहित 15 सड़कों के निर्माण की मांग
विधानसभा में मांडलगढ़ विधायक गोपाललाल खंडेलवाल ने गुरुवार को क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। विधायक ने सरकार का ध्यान मांडलगढ़ में होने वाली जनहानि और आमजन की परेशानी की ओर आकर्षित किया।
पिछली सरकार की अनदेखी का परिणाम भुगत रही जनता
विधायक ने कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भांड का खेड़ा में मेनाली नदी की पुलिया और अन्य नदियों की निम्न स्तरीय रपटें पिछली सरकार के समय से ही क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है, लेकिन मरम्मत नहीं होने से आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विधायक ने कहा कि यह एक नदीय क्षेत्र है। अत्यधिक बारिश के दिनों में पुलिया नीची होने के कारण पानी ऊपर से बहने लगता है। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। पुलिया पार करते समय कई बार वाहन बहने से दुर्घटनाएं हुई हैं और लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनहित को देखते हुए इन जर्जर पुलियाओं और सड़कों का तुरंत नवनिर्माण करवाया जाए।
इन प्रमुख कार्यों की मांग रखी पटल पर
त्रिवेणी-जोजवा सड़क: ग्राम भांड का खेड़ा में नाली नदी पर उच्च स्तरीय पुलिया। बीगोद-खटवाड़ा सड़क: बनास नदी पर उच्च स्तरीय पुलिया। बडलियास से आकोला सड़क। सुठेपा से सिंहपुरा वाया कड़ाकड़ा 3 किमी। रामपुरिया बिजासन से बल्छी तक 2.5 किमी। ग्राम रैन से रैन चौराहा 1 किमी। महुआ से रामडूंगरी 3 किमी। गुल्ला का खेड़ा मोड से गोरलिया बाईपास 3 किमी। बडलियास से भवानीपुरा 3.20 किमी। जीवा का खेड़ा से खारो का खेड़ा 3 किमी। बीकण से माल का खेड़ा वाया सुल्तानपुरा 6 किमी। बीकण से जंजोला वाया मेघपुरा बीजासण माताजी 6 किमी।
क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण अतिआवश्यक
क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन मार्गों के सुधरने की राह देख रही है। लोकहित को देखते हुए निम्न स्तरीय पुलों की जगह उच्च स्तरीय पुल और क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण अतिआवश्यक है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
– गोपाल लाल खंडेलवाल, विधायक, मांडलगढ़


