खंडवा के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित होटल टिक्कड़ पर प्रशासन ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए 27 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों की कुल कीमत एक लाख 71 हजार रुपए बताई गई है। मामले में होटल मैनेजर व मालिक पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया हैं। शुक्रवार देर रात को हुई छापामार कार्रवाई के दौरान प्रशासन को होटल परिसर में भारत गैस कंपनी के 47.5 किलोग्राम क्षमता के 21 कमर्शियल सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 10 कमर्शियल सिलेंडर और एचपी गैस कंपनी के 4 कमर्शियल सिलेंडर मिले। टीम ने मौके पर मौजूद प्रबंधक दीपक अरझरे से गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन जांच में कई सिलेंडर बिना वैध कनेक्शन के पाए गए। जिला प्रशासन के मुताबिक, दस्तावेजों के मिलान में भारत गैस के 47.5 किलोग्राम क्षमता के 9 भरे और 6 खाली सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 4 भरे और 4 खाली सिलेंडर व एचपी कंपनी के 4 खाली सिलेंडर बिना वैध दस्तावेज के मिले। कुल 27 सिलेंडर अवैध रूप से रखे पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस दौरान आईएएस डॉ. श्रीकृष्ण सुशीर, आईपीएस अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 27 किलोमीटर दूर एजेंसी के हवाले किए प्रशासन ने जब्त सिलेंडरों को शुभांशी भारत गैस एजेंसी पिपलोदखास को सुरक्षित रखने के लिए सुपुर्द किए हैं। यह शहर से 27 किलोमीटर दूर हैं। सवाल उठ रहे हैं कि, जब्त गैस सिलेंडर की सुपुर्दगी इतनी दूर क्यों? इधर, होटल मैनेजर दीपक अरझरे और मालिक अनिल जैन के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय वितरण विनियमन आदेश, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई हैं।


