लखनऊ में सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। शहीद पथ के पास सर्विस लेन में चल रही एक डीजल कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार सवार परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गाड़ी मालिक राम रतन सिंह ने बताया कि वो PWD से रिटायर्ड इंजीनियर हैं। कार में उनकी पत्नी सुमन लाला सिंह और बेटा आदित्य सिंह सवार थे। परिवार अंसल से वापस घर लौट रहा था। परिजनों के अनुसार शहीद पथ के पास सर्विस लेन में पहुंचते ही अचानक कार की लाइट बंद हो गई। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, गाड़ी के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। खतरा भांपते हुए राम रतन सिंह ने तुरंत गाड़ी रोका और परिवार के साथ नीचे उतर गए। कुछ ही देर में कार में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। कार डीजल थी और उसका नंबर UP32 ET 7510 है।


