Rain Alert: भिलाई में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर गर्म हवा के चलते लोगों को तेज तपिश का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर इस समय ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण झारखंड से उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार से 16 मार्च के बीच दुर्ग सहित मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।
गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात होने की भी आशंका जताई है। नमीयुक्त हवा के कारण वातावरण के निचले स्तर पर हल्के बादल बनने की संभावना बनी हुई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म
शुक्रवार को राजनांदगांव जिले में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।


