सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम गुरौटी रोड स्थित प्रेमनाथ मौर्य के मकान में दो बदमाशों ने अलमारी का लॉक बदलने के बहाने घर में घुसकर 17 वर्षीय युवती के हाथ-पैर बांध अलमारी से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के समय युवती घर में अकेली थी। जानकारी के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के गुरौटी मोड निवासी प्रेमनाथ मौर्या बाजार गए थे, जबकि उनकी पत्नी मीना देवी और मां शांदि देवी भी किसी काम से बाहर थीं। घर में उनकी बेटी लक्ष्मी (17) अकेली थी।
शाम करीब 4 बजे दो युवक प्रेमनाथ के घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो उनकी लक्ष्मी बाहर निकली। दोनों ने मास्क पहन रखे थे और खुद को अलमारी का लॉक बदलने वाले कारीगर बताया। जब लक्ष्मी ने अपने पिता को फोन करने की बात कही, तो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। बदमाशों ने लक्ष्मी के हाथ, पैर और मुंह बांध दिया। इसके बाद उन्होंने अलमारी खोली और उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद, सोने तथा चांदी के गहने लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे और लक्ष्मी को आवाज दी, तो कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि लक्ष्मी के हाथ-पैर बंधे हुए थे और अलमारी खुली थी। परिजनों ने लक्ष्मी को बंधन मुक्त किया, जिसके बाद लक्ष्मी ने पूरी घटना बताई। प्रेमनाथ मौर्य ने इसकी सूचना तत्काल ही पुलिस को दिया और कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है और चोरों की तलाश की जा रही है।


