मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सफाई कर्मचारियों पर भड़क उठे मंत्री राकेश सिंह
जबलपुर में मंत्री राकेश सिंह सफाई कर्मचारियों पर भड़क उठे। उन्होंने उन्हें जमकर फटकार लगाते हुए कहा- तुम्हें शर्म नहीं आती? बार-बार मेरी नाक क्यों कटवाते हो? दरअसल, स्थानीय लोगों ने मंत्री राकेश सिंह से इलाके में साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत की थी। इस पर मंत्री ने सफाई कर्मचारियों से जवाब मांगा तो वे अपनी ओर से सफाई देने लगे। मंत्री ने कार में बैठे-बैठे ही नाराजगी जताते हुए कहा- फालतू की बात मत करो, शर्म नहीं आती? तुम्हारा काम है साफ-सफाई करना, फिर क्यों नहीं करते हो? मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा- मेरे पास दोबारा शिकायत आई तो ठीक नहीं होगा। अब लोग कह रहे हैं कि जनता तो जनता है। कोई भी नेता जनता की नाराजगी क्यों मोल लेगा। मंत्री राकेश सिंह भी अच्छी तरह जानते हैं कि जो जनता अर्श पर ले जाती है, वही फर्श पर भी ला सकती है। शायद इसलिए मौके की नजाकत को देखते हुए मंत्री जी ने सफाई कर्मचारियों को फटकारना ही उचित समझा। सिंधिया और विधायक पन्नालाल शाक्य की जुगलबंदी
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब भी गुना के दौरे पर आते हैं, यहां के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के साथ उनकी जबरदस्त जुगलबंदी देखने को मिलती है। इस बार भी दोनों मिले तो एक-दूसरे की जमकर तारीफ करते नजर आए। दरअसल, हाल ही में अधिकारियों को लेकर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपना दर्द बयां किया था। उन्होंने कहा था कि सिलेक्टेड लोग इलेक्टेड लोगों पर हावी हो रहे हैं। यहां हम मंदिर में खड़े हैं और हमें प्रसाद ही नहीं मिल रहा। इस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मेरे लिए इलेक्टेड ही सब पर भारी हैं, और इलेक्टेड में भी पन्नालाल जी सब पर भारी हैं। वहीं एक कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य ने भी सिंधिया की तारीफ करते हुए उन्हें शाहरुख बना दिया। विधायक ने कहा कि मुझे महाराज साहब की एक बात बहुत अच्छी लगती है- वो है ‘मैं हूं न’। विधायक की यह बात सुनकर मंच पर बैठे सिंधिया भी मुस्कुरा दिए। अब लोग कह रहे हैं कि अगर किसी को ‘मैं हूं न’ कहने वाला मिल जाए तो उसका कॉन्फिडेंस लेवल तो हाई होगा ही। पन्नालाल शाक्य इस मामले में खुशनसीब हैं कि उन्हें ‘मैं हूं न’ कहने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का साथ मिला है। कथावाचकों ने क्रिकेट में आजमाए हाथ, लगाए चौके
आपने कथावाचकों को बड़े-बड़े मंच से प्रवचन करते देखा होगा, लेकिन इंदौर में इन्हीं कथावाचकों ने क्रिकेट का बल्ला और गेंद भी थाम ली। रफ्तार से गेंद फेंकी और बल्ला घुमाकर चौके-छक्के भी लगाए। दरअसल, हाल ही में इंदौर में सनातन प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया था। इसके समापन पर संतों की टीम ‘महाराज-11’ और क्रिकेट खिलाड़ियों की टीम ‘लिजेंड्स-11’ के बीच फ्रेंडली मैच खेला गया। इसमें महाराज-11 ने लिजेंड्स-11 को हरा दिया। मैच से पहले कथावाचक देवकीनंदन महाराज ने कहा- मैं यहां तीन दिन से मैच देख रहा हूं। जीत किसी की भी हो, मैं तो हमेशा यही कहता हूं कि यह सनातन की जीत है। सोफे में भी मिलावट, फोम के नीचे भर दिए मोजे
आपने मिलावटखोरी के कई किस्से सुने और देखे होंगे, लेकिन भोपाल में सामने आए एक मामले ने सभी को चौंका दिया है। इस घटना को सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, भोपाल में एक परिवार के सोफे में मोजों का भंडार निकल आया। हुआ यूं कि परिवार ने सोफे का कवर बदलने का फैसला किया। जब कवर हटाया गया तो सभी देखकर दंग रह गए। सोफे में फोम के नीचे मोजे ही मोजे भरे पड़े थे। परिवार का कहना है कि यह सोफा परिवार के मुखिया ने बहुत पहले खरीदा था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि वे इतने समय से मोजों के गद्दे पर बैठ रहे थे। परिवार ने कहा कि वे इस घटना से आहत भी हैं और नाराज भी। उनका कहना है कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, वे उसके खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं, ताकि भविष्य में कोई और इस तरह के धोखे का शिकार न हो। इनपुट सहयोग – आशीष उरमलिया (जबलपुर), आशीष रघुवंशी (गुना), अभिषेक दुबे (इंदौर) ये भी पढ़ें –
नर्क में गर्म तेल में तलने की सजा खत्म: दुल्हन की तरह सिलेंडर की एंट्री; गैस संकट पर सोशल मीडिया में मस्ती के VIDEO भारत में इन दिनों एलपीजी गैस का संकट गहराया हुआ है। कई जगहों पर गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिसे सिलेंडर नहीं मिल रहा, वह परेशान है और जिसे मिल गया, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर जमकर मस्ती भी चल रही है। पूरी खबर पढ़ें


