सीतापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा:शीतलहर और बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, जनजीवन प्रभावित

सीतापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा:शीतलहर और बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, जनजीवन प्रभावित

सीतापुर में शीतलहर और कोल्ड डे का प्रभाव लगातार बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से ठंड का प्रकोप लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। मंगलवार को दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन दोपहर बाद चली तेज और सर्द हवाओं ने मौसम को फिर से बेहद ठंडा बना दिया। नतीजतन लोग दोबारा घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। बुधवार की सुबह भी आसमान साफ रहा, लेकिन बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह सीतापुर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट और हवाओं की तेज रफ्तार ने ठंड के असर को और अधिक बढ़ा दिया है। हालांकि मौसम साफ रहने के कारण वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार देखने को मिला है। मंगलवार को धूप निकलने के बाद AQI में गिरावट दर्ज की गई और बुधवार सुबह सीतापुर का AQI 195 रिकॉर्ड किया गया, जो पहले की तुलना में बेहतर स्थिति मानी जा रही है। बावजूद इसके ठंड के चलते आम जनजीवन अभी भी प्रभावित है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी ठंड और तेज हवाओं के बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *