पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब बारिश-ओलावृष्टि का दौर शुरू होने की संभावना है। आज से राजस्थान, हिमाचल और पंजाब-हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को श्रीनगर का पारा एक डिग्री बढ़कर 2.4°C पर पहुंच गया। वहीं राजस्थान में आज बीकानेर-चूरू समेत 6 जिलों में बारिश का अलर्ट है। हरियाणा-पंजाब में बारिश के साथ 60kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति आज बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। यहां भी 22 से 24 जनवरी तक तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट है। 41 जिलों में आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड के 5 जिलों में आज और कल बर्फबारी का अलर्ट है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल… 23 जनवरी उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव रहेगा। अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं।
बारिश और बादलों के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। 24 जनवरी पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन उत्तर भारत में मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं होगा।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।
बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ सकता है। राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान: पूरे हफ्ते बारिश की चेतावनी, आज 6 जिलों में अलर्ट; घना कोहरा, दिन का तापमान गिरा
गुरुवार को 6 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर इस सप्ताह थमने वाला नहीं है। नया सिस्टम अगले सप्ताह फिर एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से 26 से 28 जनवरी को मौसम में फिर बदलाव होगा। पढ़ें पूरी खबर… मध्यप्रदेश: बारिश-कोहरे के बाद फिर पड़ेगी तेज सर्दी, 2 दिन में 2-3 डिग्री पारा घटेगा बारिश और कोहरे के बाद तेज सर्दी पड़ेगी। आज ग्वालियर-दतिया समेत 5 जिलों में कोहरा रहेगा। कल जबकि शुक्रवार को मुरैना, भिंड, श्योपुर, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर में बारिश हो सकती है। 25 जनवरी से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, ओले पड़ेंगे, 3 दिन मौसम में बदलाव नहीं आज 15 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट है। साथ ही 41 जिलों में आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार हैं, जिसका असर धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां तापमान 5.9°C रहा। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा: 6 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी, 60kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं प्रदेश में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण 22 से 24 जनवरी तक भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं के झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर… पंजाब: बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट, आदमपुर में 2.6 डिग्री तामपान पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम बदलने वाला है। दो दिन तक लगातार बिजली चमकने, बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं (50 से 60kmph) चलने की संभावना है। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री आदमपुर में दर्ज किया गया। पढ़ें पूरी खबर… हिमाचल प्रदेश: वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा, बारिश-बर्फबारी, ओले गिरेंगे, 8° तक गिरेगा तापमान शिमला, सोलन व सिरमौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में हल्की बूंदाबांदी, आंधी व तूफान की संभावना है। आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) ज्यादा सक्रिय होगा। कल से 9 जिलों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर… उत्तराखंड: 7 जिलों में बारिश, 5 में बर्फबारी हो सकती, 27 जनवरी तक मौसम खराब 7 जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना है। 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 27 जनवरी तक मौसम का यही हाल रहने वाला है। इसके अलावा उत्तराखंड के चमोली के वाण गांव में कुछ देर बाहर रखा पानी भी जमकर बर्फ बन जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
श्रीनगर में पारा एक डिग्री बढ़कर 2.4°C पर पहुंचा:राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव; UP में आज से बारिश


