लुधियाना के एक प्रसिद्ध कारोबारी की कार उसका अकाउंटेंट मोगा जिले से लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। शिकायतकर्ता साहिल बलाना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि त्रिलोक सप्पल उनकी फर्म में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। 12 फरवरी को वह मोगा जिले के बाघापुराना में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उनके साथ गया था। समारोह से लौटते समय त्रिलोक सप्पल ही कार चला रहा था। शिकायत के अनुसार, जब वे बाघापुराना के पास पहुंचे, तो आरोपी त्रिलोक सप्पल ने साहिल बलाना को कार से उतार दिया और वाहन लेकर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत साहिल बलाना ने आशंका जताई है कि आरोपी ने कार को खुर्द-बुर्द कर दिया है या किसी अज्ञात स्थान पर छिपा दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि त्रिलोक सप्पल ने उनकी फर्म के जीएसटी खाते में भी हेराफेरी की है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। तलाश में जुटी पुलिस वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर रॉयल सिटी, लुधियाना निवासी त्रिलोक सप्पल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सहायक थानेदार हरमेश लाल मामले की जांच कर रहे हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कार बरामद करने के प्रयास जारी हैं। जीएसटी खाते में कथित गड़बड़ी की भी जांच की जा रही है।


