MP के इस शहर का बदलेगा नक्शा! ISRO की तकनीक से तैयार हुआ मास्टर प्लान

MP के इस शहर का बदलेगा नक्शा! ISRO की तकनीक से तैयार हुआ मास्टर प्लान

Digital Master Plan: जबलपुर शहर के विकास की पूरी रूपरेखा अब एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। नगर का चौथा और पहला डिजिटाइज्ड मास्टर प्लान अंतिम चरण में है और जल्द ही लागू होने जा रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने प्रस्ताव को कमिश्नर के पास भेज दिया है, जहां कमेटी की ओर से इसकी समीक्षा की जा रही है। स्वीकृति मिलते ही मास्टर प्लान का प्रकाशन कर दिया जाएगा।

इस बार योजना को जियोग्राफिकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम (जीआइएस) तकनीक तथा इसरो (ISRO) से प्राप्त सैटेलाइट इमेजरी के आधार पर तैयार किया गया है। जबलपुर प्रदेश का पहला शहर होगा, जहां पहला डिजिटाइज्ड स्वरूप में लागू होगा। संभावना है कि नए वित्तीय वर्ष के प्रथम या द्वितीय माह में इसे प्रभावी कर दिया जाएगा। (MP News)

वैकल्पिक सड़कों का प्रावधान

पूर्व मास्टर प्लान की कई प्रस्तावित सड़कों का निर्माण नहीं हो सका था और उन क्षेत्रों में कॉलोनियां विकसित हो गई। नई विकास योजना में ऐसी सड़कों के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रावधान किया गया है। महानगर का स्वरूप ले रहे शहर में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए मेजर और सेक्टर सड़कों के व्यापक निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।

सूटेबिलिटी मॉडल अपनाया

मास्टर प्लान में लैंड सूटेबलिटी मॉडल को अपनाया गया है। इस तकनीक के माध्यम से मिट्टी की गुणवत्ता, जलवायु, भू-आकृति और वर्तमान भूमि उपयोग के आधार पर जमीन की उपयुक्तता का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाता है। यह मॉडल शहरी नियोजन, कृषि विकास और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में निर्णय प्रक्रिया को अधिक सटीक और प्रभावी बनाता है।

मिश्रित लैंड यूज और अर्बन रिफॉर्म पर जोर

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की तकनीकी टीम के अनुसार नए मास्टर प्लान में अर्बन रिफॉर्म के सिद्धांतों को प्राथमिकता दी गई है। नए निवेश क्षेत्रों में रिहायशी इलाकों के आसपास स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिश्रित लैंड यूज का प्रावधान किया गया है। पार्किंग और लैंडस्केपिंग के लिए केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को शामिल किया गया है।

साथ ही प्रीमियम एफएआर और टीडीआर के माध्यम से विकास को गति देने की योजना है। अनुपयोगी जमीनों के बेहतर उपयोग और निवेश क्षेत्रों में एकरूप विकास सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। न्यायालय के निर्देशों को भी योजना में समाहित किया गया है। जानकारों के अनुसार इससे जिले का समग्र विकास संभव हो सकेगा। (MP News)

विजन-2047 के तहत तैयार किया प्लान

जबलपुर का नया मास्टर प्लान पूर्णतः डिजिटाइज है और इसे जीआइएस तथा इसरो की सैटेलाइट इमेजरी के आधार पर तैयार किया गया है। विजन-2047 और अर्बन रिफॉर्म को ध्यान में रखते हुए विकास की रूपरेखा बनाई गई है।- जय वर्धन राय, संयुक्त संचालक, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *