जालौन में परिजनों की असहमति के बावजूद एक प्रेमी युगल ने शादी कर ली। यह विवाह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। ग्राम जनतापुरा कोटा मुश्तकिल निवासी 20 वर्षीय अनीशा देवी पुत्री शिवशंकर निषाद और विजवाहा निवासी विकास निषाद पुत्र यादराम कई सालों से प्रेम संबंध में थे। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन लड़की के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। अनीशा ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंधों के कारण उसके पिता द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी। पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर अनीशा ने दो बार आत्महत्या का प्रयास भी किया था। परिजनों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था। पहले 2 तस्वीरें देखिए… इसके बाद अनीशा अपने प्रेमी विकास के साथ थाना कुठौंद पहुंची और थाना प्रभारी निरीक्षक अजय पाठक से मदद मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अजय पाठक ने तत्काल उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जालौन और क्षेत्राधिकारी (सीओ) जालौन को सूचना दी। दोनों के बयान दर्ज किए गए
अनीशा को एसडीएम जालौन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसके स्वतंत्र और स्वेच्छिक बयान दर्ज किए गए। बयान में अनीशा ने विकास के साथ विवाह कर जीवन बिताने की स्पष्ट इच्छा व्यक्त की। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, अनीशा और विकास की शादी जालौन देवी मंदिर में संपन्न कराई गई। मंदिर परिसर में दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।


