मुरैना की जौरा तहसील के ग्राम अहरौली में सोमवार दोपहर मंदिर की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन बच्चियों की मौत हो गई थी, जबकि सात लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। देर शाम कराया गया पोस्टमार्टम प्रशासन ने तीनों बच्चियों का पोस्टमार्टम सोमवार देर शाम ही कराया। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि आगे की कार्रवाई में किसी तरह की देरी न हो। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को गांव लेकर पहुंचे। रात में ही तीनों बच्चियों को जमीन में दफना कर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग गमगीन हैं। घायलों के नाम मुख्यमंत्री ने जताया दुख मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन मंदिर की छत गिरने से तीन बच्चियों की मौत अत्यंत दुखद है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिवंगतों की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। 200 साल पुराना है मंदिर ग्रामीणों के अनुसार अहरौली में चामड़ माता का करीब 200 साल पुराना मंदिर है। पहले यह चबूतरे पर था। करीब सात साल पहले ग्रामीणों ने चंदा कर इसे कमरे का रूप दिया था और फर्शी पतली पटिया की छत बनवाई गई थी। गुंबद निर्माण बना हादसे की वजह इन दिनों मंदिर पर ईंटों से गुंबद का निर्माण कराया जा रहा था। अतिरिक्त भार को पुरानी फर्शी झेल नहीं पाई और अचानक छत भरभराकर नीचे गिर गई, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। प्रसाद बांटते समय हुआ हादसा घायल सतीश गौड अपनी पत्नी पृथ्वी गौड और बेटी मानसी के साथ सोमवार दोपहर करीब 2 बजे मंदिर में प्रसाद चढ़ाने आए थे। प्रसाद वितरण के लिए उन्होंने वहां मौजूद बच्चियों को बुलाया था। इसी दौरान छत गिर गई। जिला अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर हादसे में घायल सभी सात लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर डॉक्टरों की अलग टीम इलाज में लगी है। प्रशासन के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। कलेक्टर ने दिए जरूरी निर्देश कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है और प्रशासन आगे की कार्रवाई कर रहा है।


