बादलों की दस्तक, फिर लौटेगी सर्दी, 25 से कोहरा छाने की संभावना, क्योंकि हवा में आ रही नमी

बादलों की दस्तक, फिर लौटेगी सर्दी, 25 से कोहरा छाने की संभावना, क्योंकि हवा में आ रही नमी

मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। इसके चलते 23 जनवरी को शहर के आसमान पर बादलों छा सकते हैं हालांकि बारिश के आसार कम हैं, लेकिन बादलों की मौजूदगी से धूप की तपिश कमजोर पड़ेगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 25 जनवरी से कोहरे के साथ सर्दी की वापसी संभव है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि रात का पारा फिलहाल स्थिर रह सकता है।

बीते कुछ दिनों से सर्दी के तेवर ढीले पड़ गए हैं। गुरुवार को दिन में तेज धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ। तापमान में यह बढ़ोतरी उत्तरी हवाओं की रफ्तार थमने और आसमान साफ रहने का नतीजा मानी जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा बदल सकती है। इसके चलते सुबह और रात के समय नमी बढ़ेगी, जो कोहरे के लिए अनुकूल स्थिति बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *