रंगोत्सव का उल्लास: 2 को होली, 3 को धुलंडी; बाजारों में छाई सतरंगी छटा, छुट्टियों से पहले जमकर हुई खरीदारी

रंगोत्सव का उल्लास: 2 को होली, 3 को धुलंडी; बाजारों में छाई सतरंगी छटा, छुट्टियों से पहले जमकर हुई खरीदारी

अवकाश के चलते कर्मचारियों ने शुक्रवार को ही खरीदे रंग-गुलाल

गोल प्याऊ चौराहा सहित मुख्य बाजारों में लौटी रौनक

भीलवाड़ा. फाल्गुन के रंग अब पूरी तरह से फिजाओं में घुलने लगे हैं और शहर में होली का उल्लास छाने लगा है। आगामी 2 मार्च को होलिका दहन और 3 मार्च को धुलंडी का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में पूरी तरह रौनक लौट आई है और रंग-गुलाल व पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं।

छुट्टियों का दिखा असर, शुक्रवार को उमड़ी भीड़

शनिवार से लगातार चार दिन का अवकाश होने के कारण शहर के बाजारों में शुक्रवार को ही त्योहारी खरीदारी की खासी भीड़ देखने को मिली। सरकारी और निजी कार्यालयों के कर्मचारियों ने दफ्तर से छूटते ही होली की तैयारियों के लिए बाजारों का रुख किया और परिवार के लिए रंग व गुलाल की जमकर खरीदारी की। लगातार छुट्टियों के चलते लोगों में त्योहार को लेकर इस बार दोगुना उत्साह नजर आ रहा है।

बाजारों में सजीं दुकानें, हर तरफ ‘रंग ही रंग’

शहर के हृदय स्थल गोल प्याऊ चौराहा सहित मुख्य बाजारों और विभिन्न कॉलोनियों के प्रमुख चौराहों पर रंगों की अस्थाई दुकानें सज गई हैं। हर तरफ लाल, पीले, हरे और गुलाबी गुलाल के ढेर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों के लिए बाजार में नए-नए तरह की पिचकारियां और मुखौटे भी उपलब्ध हैं, जिनकी अच्छी मांग देखी जा रही है। लंबे समय बाद बाजारों में लौटी इस रौनक से व्यापारियों के चेहरे भी अच्छी ग्राहकी की उम्मीद में खिल उठे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *