छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज का दिन सवाल-जवाब और सरकार की जवाबदेही के लिहाज से अहम रहने वाला है। प्रश्नकाल के दौरान बालोद में आयोजित जंबूरी कार्यक्रम में टेंडर प्रक्रिया और उस पर हुए खर्च का मामला प्रमुखता से उठेगा। इसके साथ ही स्वामी आत्मानंद स्कूलों की स्थिति, समग्र शिक्षा में खर्च, पुल-पुलियों के निर्माण, प्रदेश में अवैध शराब निर्माण और शराब में मिलावट जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। विपक्ष इन मुद्दों के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार अपनी योजनाओं और कार्रवाई का पक्ष रखेगी। जंबूरी आयोजन में खर्च और टेंडर प्रक्रिया पर सवाल बालोद में हुए जंबूरी आयोजन को लेकर पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल सरकार से सवाल करेंगे। वे पूछेंगे कि इस बड़े आयोजन में टेंडर प्रक्रिया कैसे की गई, किन एजेंसियों को काम दिया गया और कुल कितना खर्च हुआ। विपक्ष पहले भी इस आयोजन में खर्च और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाता रहा है, ऐसे में सदन में इस पर तीखी चर्चा होने की संभावना है। आत्मानंद स्कूल और समग्र शिक्षा योजना पर सरकार से जवाब नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर सवाल उठाएंगे। वे स्कूलों के संचालन, सुविधाओं और भर्ती से जुड़े पहलुओं पर सरकार से जानकारी मांगेंगे। वहीं बीजेपी विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा समग्र शिक्षा योजना के तहत आबंटित राशि और उसके उपयोग को लेकर सवाल करेंगे। वे जानना चाहेंगे कि योजना के लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई और उसका कितना उपयोग हुआ। पुल-पुलियों के निर्माण और श्रम कानून जांच का मुद्दा प्रश्नकाल में प्रदेश में पुल-पुलियों के निर्माण से जुड़े कामों पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा विधायक अनुज शर्मा उद्योगों में श्रम कानूनों के पालन और श्रम विभाग द्वारा की जा रही जांच को लेकर सरकार से सवाल करेंगे। अवैध शराब और मिलावट पर सरकार से जवाब तलब प्रदेश में अवैध शराब निर्माण और शराब में मिलावट के मामलों को लेकर भी सवाल उठेंगे। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते इस मुद्दे को प्रश्नकाल में उठाते हुए सरकार से पूछेंगी कि ऐसे मामलों में अब तक कितनी कार्रवाई की गई और इसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। ध्यानाकर्षण में आयुष्मान कार्ड और प्रदूषित पानी का मामला सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए भी महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे। विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड होने के बावजूद कई मरीजों का इलाज नहीं किए जाने के मामलों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगी। वहीं विधायक अनुज शर्मा उद्योगों द्वारा रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों को भूमिगत जल में छोड़े जाने से कई इलाकों में पानी के पीने योग्य नहीं रहने का मुद्दा उठाएंगे। इस पर सरकार से जवाब और कार्रवाई की जानकारी मांगी जाएगी। तीन मंत्रियों के विभागों की बजट मांगों पर बहस विधानसभा में आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से जुड़ी बजट अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। इन विभागों की योजनाओं और खर्च को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच बहस होने की संभावना है।


